श्रीनगर गढ़वाल। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (एचएनबी गढ़वाल विवि) स्थित डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र (DACE) ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) एवं राज्य लोक सेवा आयोगों (State PSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 18 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।

इस निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन’ (PM CARES for Children) योजना के पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करना है। केंद्र का लक्ष्य इन वर्गों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग, नियमित मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराकर सिविल सेवाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि वे देश एवं समाज की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र की उपलब्धियों की बात करें तो, अब तक केंद्र के मार्गदर्शन में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है, जो यहां प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण तैयारी और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
चयनित अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए व्यापक और नियमित कक्षाएं, मॉक टेस्ट, शैक्षणिक परामर्श और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नियमानुसार पात्र चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 12 माह तक ₹4,000 प्रतिमाह की दर से स्टाइपेंड (वृत्ति) प्रदान किए जाने का भी प्रावधान है, जिससे विद्यार्थियों को आर्थिक चिंताओं से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई पर पूर्ण रूप से ध्यान केंद्रित करने में सहायता मिलेगी।
आवेदन के लिए पात्रता मानदंडों को स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि अनुसूचित जाति (SC) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹8 लाख से अधिक नहीं है। शैक्षणिक योग्यता के तहत किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं। स्नातक के अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते प्रवेश के समय तक वे स्नातक उत्तीर्ण कर लें। ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन’ योजना के लाभार्थियों के लिए योजना के अंतर्गत निर्धारित पृथक पात्रता प्रावधान लागू होंगे।
डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर एम.एम. सेमवाल ने बताया कि यह केंद्र सामाजिक एवं शैक्षणिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 18 अक्टूबर 2026 से पूर्व ऑनलाइन आवेदन कर इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी किसी भी सहायता के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9891591788 एवं 9805667711 पर संपर्क कर सकते हैं या hnbdace@gmail.com पर ई-मेल भेज सकते हैं। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी https://hnbgudaceadmission.samarth.edu.in/index.php वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
