देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत उत्तर-पूर्वी राज्यों से आए युवाओं ने संवाद किया। ये छात्र तीन दिवसीय राज्य भ्रमण कार्यक्रम के तहत देहरादून से उत्तरकाशी की यात्रा पर हैं और इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।

संवाद के दौरान त्रिपुरा की एक छात्रा द्वारा छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में देश-विदेश से बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं और उनकी सुविधा तथा सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं अरुणाचल प्रदेश के एक छात्र द्वारा उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों क्षेत्रों की भौगोलिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों में काफी समानता है, जिससे “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूती मिलती है।
महिला सशक्तिकरण के विषय पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा 19 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया गया है, जिससे महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की विविध वेशभूषाएं, भाषाएं, परंपराएं और जीवनशैली “विविधता में एकता” की भावना को साकार करती हैं। उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए अरुणाचल प्रदेश की बर्फीली चोटियों, असम के चाय बागानों, मणिपुर की लोकतक झील, मेघालय के पर्वतीय क्षेत्रों, मिजोरम की वादियों, नागालैंड की परंपराओं, सिक्किम की कंचनजंगा, त्रिपुरा की सांस्कृतिक विरासत और लद्दाख की हिमालयी सुंदरता को भारत की विशेष पहचान बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के तहत ये युवा देश के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं, जो विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी राज्य प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध हैं और दोनों क्षेत्रों में पर्वतीय जीवन, नदियों, जंगलों और जनजातीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर-पूर्वी राज्यों में बीते वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है और पिछले 11 वर्षों में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा 800 से अधिक बार उत्तर-पूर्व का दौरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व के युवा देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उत्तराखंड सरकार उनके साथ हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। साथ ही स्टूडेंट एक्सचेंज, स्किल ट्रेनिंग और ऑर्गेनिक फार्मिंग जैसे क्षेत्रों में आपसी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर अजय कोठियाल भी उपस्थित रहे।
