देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में नगरीय अवस्थापना सुविधाओं, शारदा रिवर फ्रंट, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों के निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, अतिथि गृहों और विभिन्न कार्यालय भवनों के निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं के लिए कुल ₹242 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत यूआईआईडीबी द्वारा संचालित परियोजनाओं जैसे शारदा रिवर फ्रंट, हरिद्वार मास्टर प्लान और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर हेतु ₹109 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके साथ ही जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के विकास खंड कोट में गोदी बजूण मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु ₹3.15 करोड़ तथा कोटा देवप्रयाग से व्यासघाट मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹3.28 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
जनपद देहरादून में मसूरी स्टेट हाईवे संख्या 1 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन सेतु के स्थान पर 60 मीटर स्पान के दो लेन क्लास ए लोडिंग बॉक्स सेतु के निर्माण हेतु ₹12 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, उधम सिंह नगर के रुद्रपुर छत्तरपुर से शांति विहार होते हुए भूरारानी ग्राम तक मोटर मार्ग का हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण कार्य हेतु ₹2.47 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
हर-की-पौड़ी से मां चंडी देवी, मां मनसा देवी एवं मल्टी मॉडल हब रोपवे परियोजना के अंतर्गत मनसा देवी स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा उपायों हेतु आईआईटी रुड़की द्वारा भू-विश्लेषण पर ₹46.89 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कैम्प कार्यालय भवन निर्माण हेतु ₹1.62 करोड़, देहरादून में आईआरबी द्वितीय वाहिनी परिसर में आवासीय भवन निर्माण हेतु ₹3 करोड़ तथा 240 बैडेड बैरक निर्माण हेतु ₹9.77 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल/एकेश्वर विकास खंड के अंतर्गत सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत हेतु ₹76.35 करोड़ नाबार्ड से वित्त पोषित किए जाने का अनुमोदन किया गया है। पिथौरागढ़ जिले में धारचूला के रौड़ा से पांखर मार्ग निर्माण हेतु ₹79.98 लाख, बाजपुर में शिवपुरी मजदूर बस्ती में 600 मीटर सीसी मार्ग निर्माण हेतु ₹57.96 लाख तथा झूलाघाट थाना तक इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग निर्माण हेतु ₹58.16 लाख की स्वीकृति दी गई है।
चंपावत जिले में चल्थी नौलापानी मार्ग सुधार हेतु ₹2.62 करोड़ तथा लोहाघाट में रीठा साहिब से भीडार होते हुए वन्य जीव अभ्यारण ट्रैकिंग रूट निर्माण हेतु ₹55.57 लाख की स्वीकृति दी गई है। उधम सिंह नगर के खटीमा में अधिवक्ता एसोसिएशन के लिए पक्के चैंबर निर्माण हेतु ₹80 लाख स्वीकृत किए गए हैं। राज्य अतिथि गृह, सर्किट हाउस एनेक्सी के अनुरक्षण एवं रिनोवेशन कार्यों हेतु ₹7.53 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
हरिद्वार जिले के नगर पंचायत इमलीखेड़ा में कार्यालय भवन निर्माण हेतु ₹1.58 करोड़ तथा कालाढूंगी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट स्थापना हेतु ₹1.49 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। स्थानीय निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु कूड़ा परिवहन वाहनों की आपूर्ति के लिए ₹3.92 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि के अंतर्गत नैनीताल जिले की कान्ता देवी (पत्नी स्व. लाखन सिंह) को आवेदन तिथि 26.04.2024 से ₹20,000 प्रतिमाह सम्मान राशि अनुमन्य करने का निर्णय लिया है।
