Collectrate me Janta Milan karyakram

कलेक्ट्रेट में जनता मिलन कार्यक्रम, डीएम स्वाति भदौरिया ने जलभराव से पेयजल तक 19 शिकायतों का किया त्वरित निस्तारण।

पौड़ी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध सीमा के भीतर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और पूर्व में दर्ज प्रकरणों के निस्तारण की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

skynet school banner

बारिश के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारियों को संयुक्त रूप से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर नालियों के अवरुद्ध होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाकर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। वहीं, एमआईसी मोहल्ला लोअर चोपड़ा एवं ग्राम कोठार के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की किल्लत को लेकर आवाज उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने, स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने और जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराने के आदेश दिए।

जनता मिलन में पहुंचे कुलदीप सिंह ने नया गैस कनेक्शन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने इस पर संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को सभी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए तत्काल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा संयुक्त विकास समिति कठुली के सदस्यों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र सिंगोरी की मरम्मत, सड़क सुधारीकरण एवं सिलणगांव-सिंगोरी मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने और संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण के बाद कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को भी संबंधित सड़क की मरम्मत एवं अन्य लंबित कार्यों में शीघ्र प्रगति लाने को कहा गया।

ग्राम कांडा निवासी यशपाल सिंह नेगी ने कांडा-धौलीधार मोटर मार्ग निर्माण एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर शिलापट्ट लगाने की मांग रखी, जबकि पेडुल निवासी राजीव ने सड़क कटान से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इन मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि वे शिकायतकर्ता को मौके पर जाने से पहले सूचना दें और उनके साथ मिलकर तत्काल निरीक्षण करें। अन्य शिकायतों पर भी प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई भी की गई। सभासद वार्ड संख्या-07 द्वारा जल निकासी एवं नालों की सफाई न होने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान पौड़ी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत 08 बड़े एवं 08 छोटे नाले सहित अन्य छोटी नालियां हैं। नगर पालिका द्वारा अधिकृत नाला गैंग के माध्यम से नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक 04 बड़े एवं 06 छोटे नालों के साथ-साथ विभिन्न नालियों की सफाई पूर्ण कर ली गई है। इसी प्रकार रघुवीर सिंह रावत द्वारा नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं से निजात दिलाने की शिकायत पर नगर पालिका ने त्वरित कार्यवाही की। दैनिक रूप से निराश्रित गौवंशों को पकड़कर पालिका स्वामित्व वाले ग्राम सिलेथ स्थित गौशाला में भेजा जा रहा है। वर्तमान तक कुल 52 निराश्रित गौवंशों को गौ-सदनों में भेजा जा चुका है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस. रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More From Author

Kandoliya Indoor Stadium me shuru hua badminton court

पौड़ी कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का विधिवत शुभारंभ, विधायक और डीएम ने कोर्ट पर खेलकर किया प्रोत्साहित।

Kanwar Yatra ki taiyariyon ko lekar DM Swati Bhadoria ka sakht rukh

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम स्वाति भदौरिया का सख्त रुख, 10 जुलाई तक पूरे करने होंगे सभी निर्माण कार्य।