चमोली। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का काफिला शुक्रवार सुबह उस समय गमगीन हो गया, जब बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योर्तिमठ के समीप एक भीषण सड़क हादसा पेश आ गया। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बद्रीनाथ धाम के लिए दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। सभी यात्री गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे थे और बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। शुक्रवार सुबह जैसे ही वाहन ज्योर्तिमठ के निकट बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही ज्योर्तिमठ पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने किसी भी तरह की देरी न करते हुए गाड़ी में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योर्तिमठ भेजा गया।
सीएचसी ज्योर्तिमठ में घायलों के इलाज को लेकर तत्काल चिकित्सा टीम को अलर्ट कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका तुरंत उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी 16 घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। हालांकि, गाजियाबाद निवासी 44 वर्षीय महिला आरती को गंभीर चोटें आई थीं, जिनका इलाज चल रहा था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ज्योर्तिमठ के थाना प्रभारी डी.एस. रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग किया गया। सभी घायलों को बिना कोई समय गंवाए अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।
