खटीमा (ऊधम सिंह नगर)।
खटीमा-नेपाल सीमा पर तैनात अर्द्धसैनिक बल के एक जवान को हनी ट्रैप में फंसाकर 10 लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जवान ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने तेलंगाना की एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जवान लक्समणा परिगा ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मार्च 2025 में उनकी तेलंगाना की एक महिला से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। कुछ समय बाद महिला ने उन्हें अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब जवान ने बातचीत बंद कर दी, तो महिला ने वीडियो कॉलिंग के दौरान की गई रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी दी और इसके एवज में 10 लाख रुपये की मांग की।जवान ने पैसे देने से इनकार कर दिया और महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया।
इसके बाद महिला ने जवान के विभाग में शिकायती पत्र भेजा, जिसमें आरोप लगाया गया कि दिसंबर 2023 में तेलंगाना के वारंगल जिले में विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान जवान ने उसके साथ संबंध बनाए थे। महिला ने कुछ दिनों बाद कानूनी नोटिस भी विभाग को भेजा।जवान का आरोप है कि महिला ने उसे हनी ट्रैप में फंसाकर पैसे वसूलने की कोशिश की। उन्होंने 12 दिसंबर 2025 को पुलिस में तहरीर भी दी थी, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अंत में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।झनकइया थाने की पुलिस ने तेलंगाना के वारंगल जिले के पोच्चम्मा मैदान निवासी सैयद आसमा यासमीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। झनकइया थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह मामला अर्द्धसैनिक बल के जवानों को सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाली ठगी के बढ़ते खतरे की ओर इशारा कर रहा है।
