हरिद्वार।
Special Task Force (STF) ने लंढौरा कस्बे में अचानक छापा मारकर नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं।सोमवार रात STF निरीक्षक भवानी शंकर पंत के नेतृत्व में टीम ने लंढौरा कस्बे में छापेमारी की।
सूचना मिलते ही नशा तस्कर वहां खड़ी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक और 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद कर लिए। बरामद कैप्सूल की जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को बुलाया गया। जांच में पुष्टि हुई कि ये कैप्सूल प्रतिबंधित श्रेणी की दवाएं हैं, जो बिना डॉक्टर के पर्चे के न बेची जा सकती हैं और न ही दी जा सकती हैं।
प्रारंभिक जांच में फरार मुख्य आरोपी की पहचान फारुख के रूप में हुई है, जो बहादराबाद का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसके साथ एक अन्य युवक भी था। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। बरामद बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। STF की इस कार्रवाई को हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।
