श्रीनगर।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय में लंबे समय से प्रतीक्षित कैथ लैब अब शुरू होने जा रही है। 8 मई 2026 शुक्रवार से इस अत्याधुनिक सुविधा का संचालन प्रारंभ हो जाएगा, जिसके साथ ही अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित जांचें और ऑपरेशन भी शुरू हो जाएंगे। यह सुविधा गढ़वाल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

दून अस्पताल के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमर उपाध्याय 8 मई शुक्रवार और 9 मई शनिवार को बेस अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान वे ओपीडी में मरीजों की जांच के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के कार्डियक ऑपरेशन भी करेंगे। स्थानीय मरीजों को अब बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।कैथ लैब के सुचारु संचालन को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने सभागार में मेडिसिन विभाग, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने सभी दवाओं, ऑपरेशन संबंधी सामग्री और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं गुरुवार तक पूरा करने के निर्देश दिए। प्राचार्य ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा और गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।इस नई सुविधा का लाभ केवल स्थानीय निवासियों तक ही सीमित नहीं रहेगा।

चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों को भी आपातकालीन हृदय संबंधी उपचार आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती बढ़ेगी। अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य है कि कैथ लैब पूरी क्षमता के साथ संचालित हो और मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध हो सकें।बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
