Sirobgad ke jam me ghanton phansi baraat

सिरोबगड़ के जाम में घंटों फंसी बारात, निर्माण कंपनी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर जताया आक्रोश।

पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी-रुद्रप्रयाग सीमा पर सिरोबगड़ में लगे भीषण जाम में एक बारात घंटों तक फंसी रही। शादी की तारीख बड़ी मुश्किल से तय हुई थी, लेकिन जाम के कारण पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया। जाम में फंसे दूल्हे ने अपनी परेशानी जिस अंदाज में बयां की, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। दूल्हे के अनुसार उसे सुबह 11 बजे तक विवाह स्थल पहुंचना था, लेकिन जाम के कारण उसने शाम पांच बजे तक पहुंच पाने की बात कही।

skynet school banner


दूल्हे ने व्यंग्य में बयां की परेशानी

दूल्हे ने कहा कि दुल्हन इंतजार करते-करते थक गई होगी, उसका मेकअप भी उतर गया होगा और जयमाला की माला भी सूख गई होगी। उन्होंने व्यंग्य में यह भी कहा कि बारातियों का नशा उतर गया होगा और अब दोबारा पिलाना पड़ेगा, नहीं तो नाचेगा कौन। उन्होंने कहा कि पता नहीं उसकी किस्मत खराब है या उस लड़की की, जिससे शादी होने वाली है। दूल्हे ने बताया कि 24, 25 और 26 नवंबर विवाह के शुभ दिन हैं और यह सभी को पता है, इसके बावजूद सुबह से यहां जाम लगा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनकी बात कौन सुनेगा। वीडियो में आसपास मौजूद लोग भी उनकी परेशानी पर प्रतिक्रिया देते सुनाई देते हैं।

निर्माण कंपनी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

घंटों जाम में फंसे रहने से दूल्हे ने अधिकारियों के प्रति गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही कंपनी पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाया और कहा कि कंपनी गढ़वालियों को बेवकूफ बना रही है, यह काम करने का कोई तरीका नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि निर्माण कर रही कंपनी का रजिस्ट्रेशन सीज किया जाए और किसी दूसरी कंपनी को काम दिया जाए, जो व्यवस्थित तरीके से निर्माण करे। दूल्हे ने कहा कि कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं है, अन्यथा वह उससे जवाब मांगता। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जाम में फंसे लोगों को राहत देने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही।

बीमार और अन्य यात्रियों की परेशानी भी उठाई

दूल्हे ने अपनी शादी से आगे बढ़कर जाम में फंसे अन्य यात्रियों की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी शादी नहीं होगी तो कोई बात नहीं, लेकिन जाम में कई बीमार लोग भी फंसे हैं। किसी को अस्पताल पहुंचना होगा, किसी का ऑपरेशन होना होगा। बाहर से आए कई लोग भी गाड़ियों में खड़े हैं और उनकी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के प्रमुख मार्ग पर ऐसी स्थिति है, तो आम यात्रियों को कितनी कठिनाई होती होगी।

सिरोबगड़ में अक्सर लगता है लंबा जाम

बद्रीनाथ हाईवे पर श्रीनगर और रुद्रप्रयाग के बीच स्थित सिरोबगड़ भूस्खलन संवेदनशील क्षेत्र है। यहां सड़क चौड़ीकरण और ट्रीटमेंट का कार्य चल रहा है। संकरा रास्ता, निर्माण कार्य और वाहनों का बढ़ता दबाव इस स्थान पर अक्सर लंबा जाम लगने की मुख्य वजह बनता है। शादी के सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और बिगड़ जाती है। दूल्हे ने इस समस्या पर तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार की पंचवर्षीय योजना की तरह है, जो हमेशा चलती रहती है। उन्होंने सरकार से सिरोबगड़ की इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

More From Author

गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में शुरू हुई फ्री सिविल सेवा कोचिंग, कुलपति ने किया शुभारंभ।

samvidhan-divas-2026-bjp-vidhi-prakoshth-adhivakta-goshthi-shrinagar-pauri

संविधान दिवस पर श्रीनगर में भाजपा विधि प्रकोष्ठ की अधिवक्ता गोष्ठी, वकीलों ने रखे विचार।