पौड़ी। विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद की बैंकिंग गतिविधियों, वार्षिक ऋण योजना 2026-27, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसबीआई और पीएनबी को सीडी रेशियो सुधारने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को ऋण-जमा अनुपात में सुधार लाने और ऋण वितरण की गति बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक को सीडी रेशियो बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल किया जाए और इसके लिए पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
कृषि, एमएसएमई और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा बैठक में कृषि, एमएसएमई तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम स्टे योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बैंकों को ऋण वितरण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
मेले में स्टॉल लगाकर जागरूक करें आमजन श्रीनगर में आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाए। उन्होंने बैंकों को यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन की पहुंच बढ़ सके।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह रावत, आरबीआई के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर भारत आनंद, आरटीसी निदेशक आशुतोष ममगाईं, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड हिमांक शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
