श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के आह्वान पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले एक सप्ताहव्यापी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। कुलपति सचिवालय एवं प्रशासनिक प्रांगण में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) प्रो. एम.एम. सेमवाल ने उपस्थित समस्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे सत्यनिष्ठा को केवल एक औपचारिक शपथ तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक आचरण और कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीवीओ प्रो. एम.एम. सेमवाल ने कहा कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाला यह विशेष अभियान विश्वविद्यालय समुदाय में ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और पारदर्शी कार्य-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान की गरिमा और विश्वसनीयता उसके कार्मिकों के नैतिक आचरण तथा जवाबदेही पर ही निर्भर करती है। भ्रष्टाचार मुक्त समाज और स्वच्छ प्रशासन के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने शासकीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने बल देकर कहा कि इन्हीं सामूहिक प्रयासों से संस्थान में एक स्वस्थ, भयमुक्त और शुचितापूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी कुलपति प्रो. एन.एस. पंवार, कुलपति प्रो. वाई.पी. रेवानी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ओ.पी. गुसाईं, उप सतर्कता अधिकारी प्रो. महेन्द्र बाबू, मुख्या नियंता प्रो. दीपक कुमार, कुलसचिव प्रो. ए.के. मोहन्ती तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण प्रमुख रूप से शामिल रहे। उनके अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक इस जागरूकता अभियान में प्रतिभाग कर भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था के निर्माण में अपने पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।
