Ankita Bhandari hatyakand

अंकिता भंडारी हत्याकांड: निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, घर का घेराव; पुलिस ने कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला गरमा गया है। कांग्रेस महिला मोर्चा ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हरिद्वार स्थित उनके आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

skynet school banner

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटने के लिए कई बार समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया। कांग्रेस नेताओं को हटाते समय कुछ देर के लिए झड़प जैसी स्थिति भी बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मुख्य मांग थी कि निजी चैट वायरल करने के मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

ज्योति रौतेला ने लगाए गंभीर आरोप प्रदर्शन में शामिल उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि विनोद आर्य ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता के चरित्र हनन का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अंकिता के माता-पिता पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि उनके माता-पिता आज भी न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रौतेला ने कहा कि मीडिया को सार्वजनिक तौर पर वॉट्सऐप चैट देकर निजता का हनन किया गया है और इसी के विरोध में यह धरना-प्रदर्शन किया गया। उन्होंने विनोद आर्य तथा उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

पहाड़ी महासभा ने भी खोला था मोर्चा इससे पूर्व पहाड़ी महासभा ने भी इस मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मोर्चा खोला था। महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने हरिद्वार कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद आर्य ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता की निजी चैट के 4200 पन्ने सार्वजनिक किए। व्यास ने सवाल उठाया कि आखिर यह चैट उनके पास कहां से पहुंची और किस कंपनी ने उन्हें यह उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की निजी बातचीत को इस तरह सार्वजनिक करने का अधिकार किसने दिया, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

50 करोड़ की संपत्ति और परिवार के रिकॉर्ड की जांच की मांग तरुण व्यास ने विनोद आर्य के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने 50 करोड़ रुपये की संपत्ति पर बुलडोजर चलाए जाने की बात कही थी। उन्होंने मांग की कि इस संपत्ति के स्रोत का पता लगाया जाए। इसके साथ ही संपत्ति में किन लोगों की साझेदारी थी, किन लोगों का पैसा लगा था और रिसॉर्ट निर्माण में कौन-कौन शामिल था, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार का रिकॉर्ड खंगाला जाना चाहिए, ताकि संपत्ति और कारोबार से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी सामने आ सके।

एसआईटी जांच दोबारा कराने की मांग महासभा अध्यक्ष ने अंकिता हत्याकांड की एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूरे मामले की एसआईटी जांच दोबारा कराए जाने की मांग की, ताकि हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की पड़ताल हो सके। उन्होंने कथित वीआईपी के नाम और उससे जुड़े आरोपों की जांच कराने की भी मांग की। व्यास ने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि मामले में किन लोगों की भूमिका रही और किसे बचाने की कोशिश की गई। महासभा ने पुलिस से विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

More From Author

Uttarakhand me badhi thand Badrinath me para -11°C

उत्तराखंड में बढ़ी ठंड: बद्रीनाथ में पारा -11°C, नदी किनारे जमा पानी; 5 शहरों की हवा जहरीली, शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी।

Kumari Selja aaj se Uttarakhand ke chhah divsiya daure par

कुमारी सैलजा आज से उत्तराखंड के छह दिवसीय दौरे पर, टनकपुर से शुरुआत; विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की जमीनी तैयारी परखेंगी