श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, जिला पौड़ी गढ़वाल द्वारा 2 अक्टूबर को ‘उत्तराखंड शहीद दिवस’ के अवसर पर एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान, अदम्य साहस और त्याग को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा विधि प्रकोष्ठ, जिला पौड़ी गढ़वाल के जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी एवं सह-संयोजक विकास पंत ने किया। इस दौरान उपस्थित समस्त अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों और शहीदों के अप्रतिम संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। उनका यह त्याग सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। बार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी एवं पूर्व बार काउंसिल अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों के सपनों का सशक्त, समृद्ध एवं न्यायप्रिय उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश जैन, बलवीर सिंह रौतेला, नितेश भारती, कुलदीप दानू, गौरव उपाध्याय, प्रेरणा काला, सुरेंद्र सिंह रौथान, आनंद सिंह बुटोला, सुबोध भट्ट, ब्रह्मानंद भट्ट, परमानंद मेठानी एवं लक्ष्मीकांत सहित अनेक अधिवक्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने उपस्थित होकर अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
