Pantnagar Univ ke 67ve sthapna diwas par bole Rajyapal- naukri mangne wale nahi

पंतनगर विवि के 67वें स्थापना दिवस पर बोले राज्यपाल- नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा; कृषि स्टार्टअप पर दिया जोर

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने युवाओं से नौकरी की तलाश करने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कृषि स्टार्टअप और नई तकनीकों के माध्यम से अपने लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। उन्होंने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्वतीय कृषि, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर विशेष शोध की आवश्यकता बताई।

skynet school banner

हरित क्रांति की आधारशिला, रैंकिंग में देश में पहला स्थान राज्यपाल ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश में हरित क्रांति की मजबूत आधारशिला रखी। कृषि और खाद्यान्न सुरक्षा के क्षेत्र में इस संस्थान की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त करने पर विश्वविद्यालय की सराहना की और इसे संस्थान की शोध गुणवत्ता का प्रमाण बताया।

पर्वतीय कृषि लाभकारी बने तो रुकेगा पलायन राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतीय कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए जलवायु अनुकूल बीज, कम लागत वाली तकनीक और प्राकृतिक खेती पर शोध बढ़ाना होगा। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन को भी अनिवार्य बताया। उनका कहना है कि इन प्रयासों से पहाड़ के किसानों की आय बढ़ेगी और गांवों से हो रहे पलायन की चुनौती से निपटने में भी सहायता मिलेगी।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और नवाचार में लगाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित युवा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे राज्यपाल ने पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए विश्वविद्यालय से आग्रह किया कि तकनीकी प्रसार के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की भी सराहना की।

नवाचारों की सराहना, विद्यार्थियों का सम्मान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के शोध एवं नवाचारों को सराहा, जिनमें संकर चारा मक्का किस्मों का विकास, ओपीयू-आईवीएफ तकनीक से बद्री गाय की बछिया का जन्म, मालू के रेशों से वस्त्र निर्माण, धान की भूसी से ट्राइकोडर्मा उत्पादन तथा पंत वीड गाइड ऐप शामिल हैं। समारोह में उन्होंने चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया और ‘राइजिंग पंतनगर’ पुस्तक सहित 10 ब्रोशर का विमोचन किया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कुलपति डॉ. एसके कश्यप सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

Lucknow me Uttarakhand Mahotsav me pahunche CM Dhami

लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी, बोले- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का; प्रवासियों से जड़ों से जुड़े रहने की अपील