Baikunth Chaturdashi Mele ki taiyariyan tez

बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियां तेज, महापौर आरती भंडारी ने आवास विकास मैदान का किया निरीक्षण; टेंट और झूले लगने शुरू

श्रीनगर गढ़वाल। शहर के सबसे बड़े आयोजन बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। 23 नवंबर से शुरू होकर दो दिसंबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय मेले के लिए आवास विकास मैदान में काम शुरू हो गया है। मैदान में टेंट लगाने के साथ ही झूले और चरखी स्थापित करने का कार्य भी चल रहा है। व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखने के लिए महापौर आरती भंडारी ने मंगलवार को मेला स्थल पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

skynet school banner

ठेकेदारों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश निरीक्षण के दौरान महापौर ने मैदान में हो रहे निर्माण तथा व्यवस्थागत कार्यों को बारीकी से देखा और संबंधित ठेकेदारों एवं नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले लोगों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय रहते और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरी करने पर जोर दिया, ताकि मेले का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

तैयारियों में तेजी लाने पर जोर महापौर ने मौके पर अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा हुआ है और हर वर्ष इसमें स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम मेला स्थल की आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। महापौर ने कहा कि मेले को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देना निगम की प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

मैदान में दिखने लगी मेले की रौनक मैदान में टेंट और झूलों की स्थापना शुरू होने के साथ ही शहर में मेले की रौनक धीरे-धीरे दिखाई देने लगी है। दस दिन तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर नागरिकों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, कनिष्ठ अभियंता सूरज, पार्षदगण सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

More From Author

Baikunth Chaturdashi Mela 2026 Nagar Nigam ne launch kiya QR code

बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला 2026: नगर निगम ने लॉन्च किया QR कोड, एक स्कैन में मिलेगी कार्यक्रमों की पूरी सूची और मेला स्थल की लोकेशन

Lucknow me Uttarakhand Mahotsav me pahunche CM Dhami

लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी, बोले- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का; प्रवासियों से जड़ों से जुड़े रहने की अपील