श्रीनगर गढ़वाल। बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अब कार्यक्रमों की जानकारी जुटाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। नगर निगम श्रीनगर ने मेले से जुड़ी समस्त सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए विशेष QR कोड लॉन्च किया है। मोबाइल से इसे स्कैन करते ही मेले की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी। मेले का आयोजन 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगा।

एक स्कैन में तिथि, समय और रास्ता महापौर आरती भंडारी ने QR कोड स्कैनर लॉन्च करते हुए बताया कि इस सुविधा के जरिए मेले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की सूची, उनकी तिथि, समय-सारणी और मेला स्थल की गूगल लोकेशन एक साथ मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे लोग अपनी सुविधा और समय के अनुसार पहले से योजना बनाकर मेले में शामिल हो सकेंगे। विशेष रूप से श्रीनगर से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मेला स्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता खोजने में दिक्कत नहीं होगी।
दूर-दराज से आने वालों को ध्यान में रखकर पहल महापौर ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का प्रमुख आयोजन है। इसमें स्थानीय नागरिकों के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सभी को समय पर और सुगमता से जानकारी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता रही है, और इसी सोच के तहत मेले को डिजिटल माध्यम से जोड़ा गया है।
परंपरा की गरिमा के साथ आधुनिक व्यवस्था महापौर आरती भंडारी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य पारंपरिक मेले की सांस्कृतिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक तकनीक से व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है। उनका कहना है कि QR कोड की यह सुविधा लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक जानकारियां देने में सहायक सिद्ध होगी। मेले में क्या होगा, कब होगा और स्थल कहां है—इन सभी सवालों का उत्तर अब एक स्कैन से मिल जाएगा।
QR कोड लॉन्चिंग के अवसर पर नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट सहित निगम के पार्षद नरेंद्र रावत, विजय चमोली, धर्म सिंह रावत, राजकुमार और अनुराग चौहान उपस्थित रहे।
