देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के मुकाबले चुनावी मैदान में मजबूत स्थिति बनाने में जुटी कांग्रेस अब संगठन की नब्ज टटोलने और अपनी रणनीति को धार देने पर केंद्रित हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा मंगलवार से प्रदेश के छह दिवसीय दौरे पर निकल रही हैं, जिसकी शुरुआत टनकपुर से होगी। यह दौरा केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर पार्टी की वास्तविक जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं से संवाद और चुनावी तैयारी का फीडबैक कुमारी सैलजा का यह दौरा चुनावी दृष्टि से अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान वह इस बात की जानकारी लेंगी कि स्थानीय स्तर पर संगठन कितना सक्रिय है, किन क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत है और कहां सुधार की आवश्यकता है। इन तमाम पहलुओं पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा और उसी के आधार पर आगामी चुनाव की रणनीति तैयार करने पर मंथन होगा। पार्टी नेतृत्व की नजर इस बात पर रहेगी कि कार्यकर्ता चुनावी मुकाबले के लिए कितने तैयार हैं और किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच उतरने की जरूरत है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा प्रदेश कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को भी इस दौरे में प्रमुखता दी गई है। कुमारी सैलजा विभिन्न स्थानों पर इस अभियान में शामिल होंगी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगी। पार्टी की कोशिश है कि इस अभियान के जरिए सरकार के खिलाफ अपनी बात जनता तक पहुंचाई जाए और चुनाव से पहले अनुकूल राजनीतिक माहौल तैयार किया जा सके।
छह दिवसीय दौरे का पूरा कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह के अनुसार, कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी, जिससे उनके दौरे की शुरुआत होगी। 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे वह लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करेंगी और इसके बाद दोपहर 2 बजे पिथौरागढ़ पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान तथा कार्यकर्ता बैठकों में हिस्सा लेंगी। 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।
21 नवंबर को सुबह 11 बजे कुमारी सैलजा थराली विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी चमोली के थराली से दौरे में शामिल रहेंगे। इसके बाद 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अंतिम मंथन किया जाएगा।
गढ़वाल मंडल में सुरेंद्र शर्मा की सक्रियता प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा भी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में जुटे हैं। राजेंद्र शाह के अनुसार, सुरेंद्र शर्मा 15 से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में रहेंगे। इस दौरान वह रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत अन्य क्षेत्रों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
टिकट चयन की कवायद भी शुरू इसी बीच कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तराखंड के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है, जिसकी जिम्मेदारी दीपा दासमुंशी को सौंपी गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस कमेटी द्वारा दावेदारों की स्थिति और जीत की संभावना का आकलन किया जाएगा। कुल मिलाकर, संगठन के दौरे और स्क्रीनिंग कमेटी के गठन से स्पष्ट है कि कांग्रेस चुनाव से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है।
