उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू, 2 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा, नकलविहीन बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी
देहरादून (ब्यूरो)।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार प्रदेश भर में 2 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।

साथ ही, संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के भी आदेश जारी किए गए हैं।विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि 21 फरवरी से शुरू होने वाली उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि 10वीं व 12वीं कक्षाओं की परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है।
इसमें विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. रावत ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिहाज से संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने, विशेष उड़नदस्तों की तैनाती तथा लगातार निगरानी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।मंत्री ने आगे कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-144 के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, संग्रहण व गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों, निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को कड़ाई से निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। डॉ. रावत ने बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा में लगभग 2 लाख 15 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील जबकि 6 अति संवेदनशील केंद्र हैं।डॉ. रावत ने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रोत्साहित करें ताकि बच्चे परीक्षा हॉल में अच्छे से परीक्षाएं दे सकें।
