श्रीनगर गढ़वाल।
नगर क्षेत्र के भीमराव अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर आरती भंडारी ने मौके पर जाकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई।

महापौर ने पुलिस प्रशासन को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने निगम अधिकारियों को प्रतिमा की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने के आदेश दिए। इसके तहत पार्क परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्देश दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
महापौर ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्व का अपमान समाज के लिए अस्वीकार्य है और यह सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर एसएसआई जगमोहन रमोला, एसआई शशि भूषण, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पार्षद धर्म सिंह रावत, सुमित बिष्ट, शुभम प्रभाकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने “बाबा साहेब अंबेडकर अमर रहें” के नारे लगाकर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
