हल्द्वानी।
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में पिछले चार वर्षों में महत्वपूर्ण और ठोस विकास कार्य किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को न केवल सक्षम बल्कि अनुभवी भी बताया। यह बात उन्होंने धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही।

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड वेदों, ऋषि-मुनियों और देवताओं की भूमि है। यहां के लोगों में पर्वतीय दृढ़ता और अटलता देखने को मिलती है। यह प्रदेश आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का केंद्र है, जो पूरे देश को दिशा देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड न केवल तपोभूमि है, बल्कि वीर भूमि भी है, जहां के लोग देश की सीमाओं की रक्षा में हमेशा अग्रणी रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनमें परमवीर चक्र सम्मानित जवानों की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये किया जाना शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि 2022 में धामी के नेतृत्व में भाजपा ने प्रदेश में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने बुनियादी ढांचे, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड देश के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती नारी सशक्तिकरण की भी मिसाल है, जहां महिलाओं की भागीदारी सरकारी नौकरियों में बढ़ रही है और उन्हें 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने सैन्य धाम के निर्माण और चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का भी उल्लेख किया, जो यात्रियों के लिए सुरक्षित और हर मौसम में सुगम मार्ग उपलब्ध कराएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
अंत में उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश के निर्माण के लिए की जाती है। उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों का समर्थन करने की अपील की, खासकर वर्तमान वैश्विक युद्ध की स्थिति में भारत को सुरक्षित रखने के लिए।
