देहरादून:
सचिव, ग्राम्य विकास, उत्तराखंड शासन धीराज सिंह गर्ब्याल ने हाउस ऑफ हिमालयाज के वेयरहाउस का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह वेयरहाउस ग्रामीण उत्पादकों के उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और प्रभावी विपणन के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय उद्यमों को सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के बाद सचिव की अध्यक्षता में IFAD के सहयोग से संचालित ग्रामीण उद्यम त्वरित प्रोत्साहन परियोजना (REAP) की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया:
- ग्रामीण युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़ने के लिए टूरिस्ट गाइड, पर्वतारोहण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
- पर्वतीय क्षेत्रों में मिलेट्स, विशेषकर कोणी, चीणा, मडुवा और झंगोरा जैसी फसलों के लिए कृषि विभाग के सहयोग से सीड बैंक स्थापित किए जाएं।
- मिलेट्स के क्लस्टरों को चिन्हित कर जैविक प्रमाणन की प्रक्रिया को प्रोत्साहित किया जाए।
- पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए।
सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
