105 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक, 177 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान
श्रीनगर गढ़वाल।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को चौरास परिसर में आयोजित हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. योगेंद्र नारायण की अध्यक्षता में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।समारोह में 105 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जिनमें सत्र 2022-24 के 50 तथा सत्र 2023-25 के 55 विद्यार्थी शामिल हैं।

इसके अलावा 177 पंजीकृत शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियां प्रदान की गईं। दोनों सत्रों को मिलाकर कुल 319 शोधार्थियों ने पीएचडी पूरी की, जबकि 6806 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर उपाधियां दी गईं।उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय अच्छा कार्य कर रहा है, जिसका प्रमाण NAAC ग्रेडिंग है। उन्होंने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने के लिए और अधिक प्रयास करने की बात कही तथा राज्य सरकार की ओर से हर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। मंत्री ने दीक्षांत समारोह में सांस्कृतिक वेशभूषा अपनाने की सराहना की और कहा कि इससे छात्रों में संस्कृति और परंपरा के प्रति रुचि बढ़ेगी।

उन्होंने अप्रैल माह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ विश्वविद्यालय और NIT में कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी भी दी।कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत है। डिग्री केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थी की क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने दीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे राष्ट्र को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य करें जिनसे माता-पिता, गुरु, विश्वविद्यालय और देश को गर्व हो।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संदेश पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने दीक्षार्थियों को भारत की विकास यात्रा में योगदान देने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज तथा राष्ट्र कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।कुलाधिपति डॉ. योगेंद्र नारायण ने अध्यक्षीय भाषण में छात्रों को अतीत की प्रज्ञा, वर्तमान के ज्ञान और भविष्य की तैयारी पर जोर दिया। समारोह के दौरान मंचासीन अतिथियों ने ग्रामीण एवं अभियंत्रिकी विभाग की शोध पत्रिका ‘माउंटेन रिसर्च’ के विशेषांक का विमोचन किया।कुलसचिव अनीश उज जमान ने धन्यवाद ज्ञापन में समारोह के सफल आयोजन के लिए समन्वयक प्रो. हरभजन सिंह चौहान और सभी समितियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में श्रीनगर महापौर आरती भण्डारी, एसएसबी डीआईजी सुभाष चंद्र नेगी, प्रो. रामशंकर दुबे, प्रो. मंजुला राणा, प्रो. मोहन पंवार, प्रो. एनएस पंवार, प्रो. ओपी गुसाई, प्रो. दीपक कुमार, प्रो. अजीत नेगी, प्रो. वाईपी रैवानी, प्रो. डीएस नेगी, प्रो. एमएम सेमवाल, चौरास परिसर निदेशक प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी तथा कार्यकारी परिषद, अकादमिक परिषद के सदस्य, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और छात्रसंघ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
