rojgar mela dehradun

देहरादून पिथूवाला में रोजगार मेला: 81 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1285 अभ्यर्थियों के हुए साक्षात्कार।

देहरादून।

उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और आयोजन के लिए विभाग को बधाई दी।

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

रोजगार मेले में देश-प्रदेश की 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों और कंपनियों ने भाग लिया। इसमें लगभग 1600 पॉलीटेक्निक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। इस दौरान चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में तकनीकी उन्नति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में दक्षता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने राज्य में तकनीकी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित कर रही है। साथ ही उन्होंने युवाओं को बताया कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र और स्वरोजगार में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने करियर को आगे बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक विनोद चमोली ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार उपनल के माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य कर रही है और बेरोजगारी उन्मूलन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला था और विभाग का लक्ष्य इसे बढ़ाकर शत-प्रतिशत करना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव विक्रम यादव, उप सचिव ब्योमकेशन दुबे, अनुभाग अधिकारी चन्द्र शेखर उपाध्याय, तकनीकी शिक्षा परिषद के सचिव डॉ. मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एमके कन्याल एवं एसके वर्मा, संस्थान के प्रधानाचार्य अवनीश जैन सहित विभिन्न अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

More From Author

rishikesh mahayojana 2031

ऋषिकेश महायोजना 2031 अंतिम चरण में, तपोवन क्षेत्र के अवैध निर्माण और अव्यवस्था पर फोकस।