देहरादून।
हालिया आपराधिक घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए राजधानी में “ऑपरेशन प्रहार” चलाने के आदेश जारी किए। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए कहा कि देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
निर्देशों के तहत आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग तय कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने, बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाने और विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया है।
इसके अलावा आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को राजधानी में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में पीजी और किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान चलाने, होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इन सभी उपायों के माध्यम से देहरादून में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति तय की गई है।
