पौड़ी गढ़वाल।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिलखेत में नयार वैली फेस्टिवल का रंगारंग उद्घाटन कर घाटी को पर्यटन और साहसिक गतिविधियों का हब बनाने का संकल्प लिया। इस महोत्सव से न केवल स्थानीय संस्कृति को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खुलेंगे।

सीएम ने पैराग्लाइडिंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने समेत कई विकास कार्यों की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में उत्साह की लहर दौड़ गई।फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का दौरा किया और योजनाओं की प्रगति पर नजर डाली। उन्होंने महिला सशक्तिकरण विभाग की लाभार्थी करिश्मा और सलोनी को महालक्ष्मी किट सौंपी, योगिता की गोदभराई की रस्म निभाई और समाज कल्याण विभाग के तुलसीदास व बीरेंद्र को दिव्यांग उपकरण वितरित किए।
स्थानीय महिलाओं और नागरिकों से बातचीत में सीएम ने सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। साइक्लिस्टों और एंगलरों से मिलकर उन्होंने उनके जज्बे की तारीफ की और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को प्रेरित करेंगे।सीएम धामी ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज को फ्लैग ऑफ कर महोत्सव की शुरुआत की।
उन्होंने कहा, “नयार वैली प्राकृतिक खूबसूरती और एडवेंचर की अनंत संभावनाओं से भरपूर है। यह फेस्टिवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और युवाओं को घर बैठे रोजगार देगा।” सीएम ने होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की शांत वातावरण और साहसिक क्षमता को प्रकृति का अनमोल उपहार बताया।
घोषणाओं की बौछार में सीएम ने विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य अंत्योदय की भावना से काम कर रहा है, जहां सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं हर गांव तक पहुंचेंगी।
पौड़ी जिले के विकास पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ की लागत से NIT का निर्माण चल रहा है, खोह नदी को साफ करने के लिए 135 करोड़ का सीवरेज प्लांट बन रहा है। गड़िया गांव में NCC अकादमी, कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्लांट, मालन नदी पर पुल, पौड़ी कलेक्ट्रेट को हेरिटेज बनाने, सतपुली में सिंचाई भवन, कोटद्वार में 50 बेड अस्पताल, सीडीएस पार्क में तिरंगा, विज्ञान संग्रहालय, ट्राइडेंट पार्क, माउंटेन म्यूजियम और तारामंडल जैसी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
“ये सभी प्रयास संतुलित विकास सुनिश्चित करेंगे और लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाएंगे,” सीएम ने विश्वास जताया।सीएम ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का जिक्र किया, जो 17 दिसंबर 2025 से चल रहा है। इसमें प्रशासन की टीमें न्याय पंचायतों में जाकर समस्याएं सुलझा रही हैं और योजनाओं का लाभ द्वार पर पहुंचा रही हैं।
“हमारा लक्ष्य है कि कोई भी नागरिक कार्यालयों के चक्कर न लगाए,” उन्होंने कहा। साथ ही, राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने पर जोर दिया।पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। “नयार वैली फेस्टिवल घाटी की सुंदरता और संस्कृति का परिचय है।
इससे रोजगार बढ़ेगा और पर्यटक आकर्षित होंगे,” उन्होंने बताया। विधायक राजकुमार पोरी ने सीएम का स्वागत करते हुए फेस्टिवल को स्थायी बनाने की मांग की और चिनवाड़ी डांडा पेयजल योजना के लिए आभार जताया।जिला प्रशासन ने 10 अलग-अलग गतिविधियों को एक मंच पर सफलतापूर्वक आयोजित कर नवाचार का उदाहरण पेश किया। समारोह में उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख गीता देवी व बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसएसपी सर्वेश पंवार समेत तमाम गणमान्य मौजूद रहे।
