देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चम्पावत के भ्रमण के दौरान लगभग ₹55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्य को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों और चार मंजिला साइंस कैंपस की संरचना का भी अवलोकन किया। इस परिसर में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यह केंद्र केवल अध्ययन का ही नहीं बल्कि आवासीय वैज्ञानिक शिक्षण का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई का अवसर मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने जानकारी दी कि दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक में “फन साइंस गैलरी”, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल तथा अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही परिसर में 120 क्षमता वाला ऑडिटोरियम, 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (तारामंडल) जिसमें इनर और आउटर डोम की सुविधा होगी, तथा स्टाफ के लिए कॉन्फ्रेंस और डेवलपमेंट हॉल जैसी विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं भी स्थापित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और नन्हे वैज्ञानिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास भविष्य में नवाचार को बढ़ावा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साइंस सेंटर आने वाले समय में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विज्ञान के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है और इस केंद्र के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों और खगोल विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों के पालन और श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी विशेष बल दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
