Srinagar Medical College me 29ve IAPSM samelan ka shubharambh

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में 29वें आईएपीएसएम सम्मेलन का शुभारंभ, स्वास्थ्य मंत्री ने की ₹13 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

श्रीनगर गढ़वाल। जनस्वास्थ्य, पर्यावरण और चिकित्सा विज्ञान के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भविष्य की स्वास्थ्य नीतियों को दिशा देने के उद्देश्य से वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड राज्य शाखा के 29वें वार्षिक आईएपीएसएम (इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन) सम्मेलन-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए ₹13 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, साथ ही बाहरी राज्यों के चिकित्सकों से उत्तराखंड में सेवाएं देने का आह्वान किया।

skynet school banner

स्वास्थ्य मंत्री की प्रमुख घोषणाएं और आह्वान
सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि बदलते पर्यावरण और उससे उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच चिकित्सा विशेषज्ञों का आपसी संवाद और शोध भविष्य की स्वास्थ्य नीतियों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से पहुंचे चिकित्सकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक डॉक्टरों को उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं देने के लिए प्रेरित करें। पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत तक ‘हिल्स अलाउंस’ प्रदान किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशा सबसे पवित्र है, जहां मरीज के प्रति संवेदनशीलता और अस्पतालों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बेस चिकित्सालय परिसर में 245.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित 15 सीटर ट्रांजिट हॉस्टल और 150 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक स्किल लैब (उपकरणों एवं मैनिकिन सहित) का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त, 947.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आठ टाइप-5 आवासों का शिलान्यास किया गया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की चौरास आवासीय कॉलोनी की मरम्मत कराने और जीवीके (GVK) की जमीन पर खेल मैदान विकसित करने के प्रस्तावित कार्यों को भी शीघ्र शुरू करने की महत्वपूर्ण घोषणा की।

विशिष्ट चिकित्सकों को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित
सामुदायिक चिकित्सा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशेषज्ञों को इस सम्मेलन में प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीएमएस रावत को ‘प्रो. वीएन मिश्रा ओरेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। ‘प्रोफेसर देवकी नंदन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026’ प्रोफेसर सुरेश चंदिया को तथा ‘प्रो. बीजी प्रसाद ओरेशन अवार्ड-2026’ प्रो. सीएम सिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा, आईएपीएसएम की राज्य शाखा की फेलोशिप के लिए डॉ. स्वाति खान, डॉ. जयराज सिंह हंसपाल, डॉ. खुर्शीद मुजम्मिल, डॉ. हरिवंश चोपड़ा, डॉ. निपेंद्र सिंह, डॉ. सुमित दीक्षित और डॉ. अरुण सिंह सहित अन्य चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके शोध और समर्पण को प्रोत्साहित किया गया।

शोध और नीति निर्माण पर विशेषज्ञों का जोर
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से आए विशेषज्ञों के अनुभव और शोधपरक सुझाव स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और नीतियां तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीएमएस रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जनसमुदाय के स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच संतुलन बेहतर बनाने के लिए शोध आधारित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर जनरल प्रो. (डॉ.) अतुल कोतवाल, राष्ट्रीय महासचिव प्रो. (डॉ.) मनीष कुमार सिंह, राज्य अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) हरि शंकर जोशी, महासचिव प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार, आयोजन अध्यक्ष डॉ. जानकी बर्त्वाल और सचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह ने भी अपने विद्वतापूर्ण विचार साझा किए।

लोक संस्कृति की धुनों से गूंजा उद्घाटन सत्र
सम्मेलन के शुभारंभ से पूर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को उत्साह से भर दिया। नंदानगर से पहुंचे हरीश भारती की टीम ने ढोल, दमाऊ, मशकबीन और रणसिंघा की पारंपरिक धुनों से देशभर से आए चिकित्सकों और जनस्वास्थ्य विशेषज्ञों को पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टीम की इस अनूठी प्रस्तुति की सराहना की।

इस ऐतिहासिक अवसर पर वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एएन पांडेय, डॉ. दीपा हटवाल, भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट, डॉ. विनिता रावत, डॉ. मोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य, शोधार्थी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन डॉ. अनुज, डॉ. आयुशी, डॉ. चिंतन, डॉ. सालवी, डॉ. चंचल, डॉ. सुबिन, डॉ. ऊषा, डॉ. अंजली और डॉ. चैतन्य ने संयुक्त रूप से किया।

More From Author

srinagar garhwal medical college

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में 23 अक्टूबर से जुटेंगे देशभर के जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, 29वें आईएपीपीएसएम सम्मेलन का होगा शुभारंभ।