देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों, कार्यस्थलों और शिक्षा संस्थानों में अधिकारी-कर्मचारियों व शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को स्पष्ट रूप से कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए विस्तृत एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने 21 फरवरी को हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की घटना समेत हालिया सुरक्षा मामलों का उल्लेख करते हुए सुरक्षा की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार कर्मचारियों के मान-सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी निर्देशित किया है कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और ऐसी घटनाओं में तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने एसएसपी देहरादून को शिक्षा निदेशालय प्रकरण में दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
सरकार का यह कदम स्पष्ट संदेश देता है कि सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों की गरिमा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यह पहल कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
