कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से की मुलाकात चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा, नड्डा को दिया यात्रा का न्योता।
नई दिल्ली (ब्यूरो)।
गुजरात दौरे से लौटते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को यहां केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को आगामी चारधाम यात्रा पर आने का न्योता भी दिया, जिसे नड्डा ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।डॉ. रावत ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर गहन विमर्श किया। विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर फोकस रहा। उन्होंने राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं, जिनका उद्घाटन इसी यात्रा सीजन में होगा।
यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है और एक चिकित्सक पूल तैयार किया गया है। इसमें राज्य के विभिन्न चिकित्सा इकाइयों के अलावा मेडिकल कॉलेज, एम्स ऋषिकेश और देशभर के अन्य चिकित्सा संस्थानों के डॉक्टरों की सेवाएं ली जाएंगी।कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर और देहरादून की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
यात्रा में 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस और कार्डियक एम्बुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राज्य की ओर से भेजी गई पीआईपी में प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त बजट की मांग भी की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया।डॉ. रावत ने कहा कि यह मुलाकात प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। केंद्रीय मंत्री ने चारधाम यात्रा की तैयारियों की सराहना की और सहयोग का भरोसा दिया।
