श्रीनगर गढ़वाल।
बार एसोसिएशन श्रीनगर के अधिवक्ताओं ने डॉ. बी.पी. नैथानी एवं श्रीमती मंजू नैथानी द्वारा पिछले कई वर्षों से श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना की है। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस अभियान ने आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व चेयरमैन अर्जुन सिंह भंडारी एवं बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने डॉ. नैथानी दंपति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया है।

अनूप श्री पांथरी ने कहा,
“डॉ. बी.पी. नैथानी और श्रीमती मंजू नैथानी ने जिस निष्ठा और समर्पण से यह अभियान चलाया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने न सिर्फ सफाई का काम किया, बल्कि लोगों के मन में स्वच्छता की चेतना, जिम्मेदारी और आत्मसम्मान जगाया है। उनके लाउडस्पीकर से निकलने वाला संदेश साफ है कि स्वच्छता सिर्फ सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।”
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि डॉ. नैथानी अपने निजी वाहन में लगे लाउडस्पीकर से निरंतर लोगों को जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा, “यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के विचारों को भी स्वच्छ बनाने का प्रयास है। डॉ. नैथानी का यह समर्पण आज के समय में दुर्लभ है। इससे श्रीनगर धीरे-धीरे स्वच्छता का मॉडल शहर बन रहा है।”
अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य एवं अधिवक्ता बलबीर सिंह रौतेला ने कहा कि यह अभियान जनचेतना का सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा, “जब समाज कई चुनौतियों से जूझ रहा हो, तब कुछ लोग स्वच्छता को अपना मिशन बना लें, यह प्रेरणादायक है। डॉ. नैथानी का लाउडस्पीकर से लोगों को संबोधित करना साबित करता है कि सच्चा नेतृत्व कर्म से पहचाना जाता है।”

अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि समाज का हर वर्ग इस अभियान से जुड़े तो श्रीनगर न सिर्फ प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए स्वच्छता का आदर्श मॉडल बन सकता है।
इस अभियान की सराहना करने वाले अन्य अधिवक्ताओं में पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी, महासचिव ब्रहमानंद भट्ट, पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी, पूर्व सह सचिव प्रदीप मैठाणी, कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट, सह सचिव देवी प्रसाद खरे, पूर्व महासचिव विकास पंत, ओम प्रकाश मैठाणी, एस.पी. शुक्ला, आनंद सिंह बुटोला, परमानंद मैठाणी, नितेश भारती, सुनीता भंडारी, रतन सिंह बिष्ट, राजेश जैन आदि शामिल हैं।
