पौड़ी । संविधान दिवस के मौके पर पौड़ी जनपद में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी हुई, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।

गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है और सबको बराबर मौका देने की भावना रखता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे संविधान के आदर्शों को अपने कामकाज में अपनाएं और जनसेवा में पारदर्शिता, निष्पक्षता व संवेदनशीलता बनाए रखें।
सहायक निदेशक अभियोजन जावेद अहमद ने संविधान के अलग-अलग प्रावधानों और उनके महत्व पर बात रखी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की उपयोगिता बताई। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इधर विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और शपथ दिलाई। उन्होंने कार्मिकों से संविधान के मूल्यों, आदर्शों और मूल कर्तव्यों को अपनाने तथा काम में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही रखने को कहा।
जनपद के सभी स्कूलों में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां बच्चों को संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। उन्हें संविधान के प्रति सम्मान रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत व कुसुम तड़ियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश ममगाईं, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
