sampatti-devi-murgi-palan-deval-kaljikhal-pauri-garhwal

दिल्ली से गांव लौटी सम्पत्ति देवी अब मुर्गी पालन से कमा रही हैं पैसा

कल्जीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। कोरोना काल में दिल्ली से गांव लौटे लोगों में एक परिवार ऐसा भी था, जिसने वापस शहर जाने के बजाय गांव में ही काम शुरू किया। विकासखंड कल्जीखाल के गांव देवल की सम्पत्ति देवी आज मुर्गी पालन की मदर यूनिट चला रही हैं और अपने परिवार का खर्च गांव में रहकर ही निकाल रही हैं।

skynet school banner

बात साल 2020 की है। कोरोना महामारी के दौरान सम्पत्ति देवी के पति नागेन्द्र सिंह दिल्ली से गांव आ गए। काम छूट गया था। ऐसे में दोनों ने फैसला किया कि शहर वापस नहीं जाएंगे, गांव में ही कुछ करेंगे। सम्पत्ति देवी राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। उन्होंने पति के साथ मिलकर कम पैसों में मुर्गी पालन शुरू किया। शुरुआत छोटी थी, लेकिन काम चल निकला तो उन्होंने इसे बड़ा करने की सोची।

इस बीच ग्रामोत्थान परियोजना से उनकी मदद हुई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उनके मुर्गी पालन व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये की योजना पास हुई। इसमें डेढ़ लाख रुपये बैंक का लोन है, 75 हजार रुपये परियोजना का अनुदान है और 75 हजार रुपये उनका अपना पैसा है। इस पैसे से उन्होंने मुर्गियों के लिए शेड बनवाया, अच्छी नस्ल के चूजे खरीदे और दाना-पानी व जरूरी सामान का इंतजाम किया।

अभी उनकी यूनिट में करीब 300 से 400 मुर्गियां और 100 चूजे हैं। सम्पत्ति देवी ने बताया कि रोज औसतन 2,500 रुपये की बिक्री हो जाती है। इस हिसाब से महीने की बिक्री लगभग 75 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। दाना, दवा, बिजली और बाकी खर्चे निकालने के बाद हर महीने करीब 18,750 रुपये बच जाते हैं।

ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने कहा कि सम्पत्ति देवी का काम गांव में स्वरोजगार का अच्छा उदाहरण है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ने और परियोजना की आर्थिक मदद मिलने से उनका व्यवसाय ठीक तरीके से चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे देखकर दूसरी महिलाएं भी गांव में रहकर काम शुरू करने के लिए आगे आ रही हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के जरिए गांवों में आजीविका के मौके बनाए जा रहे हैं। सम्पत्ति देवी इसी योजना से जुड़ी हैं।

सम्पत्ति देवी कहती हैं कि अगर मेहनत की जाए और थोड़ी मदद मिल जाए, तो गांव में भी काम हो सकता है। शहर जाना ही एक रास्ता नहीं है। उनकी यह कहानी गांव की दूसरी महिलाओं के लिए भी एक मिसाल है।

More From Author

srinagar-garhwal-baikunth-chaturdashi-mela-2026-cm-visit-pauri-police-security-inspection

श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज आज, सीएम के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट

shrinagar-ke-sitare-pratiyogita-baikunth-chaturdashi-mela-2026

मंच पर नन्हे कलाकारों ने दिखाया हुनर, ‘श्रीनगर के सितारे’ में बच्चों ने जीता दिल