उत्तराखंड

थराली: शहीद भवानी दत्त जोशी के शौर्य महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, मेले को राजकीय दर्जा

थराली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली के चेपड़ों गांव में अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित शौर्य महोत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम शुरू किया और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित शौर्य मेले को अब राजकीय मेले के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही, शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहीद भवानी दत्त जोशी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार में सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसके लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया। यह सभी के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। हाल के ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब आतंकियों की हर गोली का जवाब गोलों से दिया जाएगा।
थराली विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने इसे घोर लापरवाही बताया। उन्होंने तत्काल तीन इंजीनियरों को निलंबित करने का आदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद सतीश चंद्र के पिता महेशानंद, शहीद कृपा सिंह की पत्नी विमला देवी, शहीद हिम्मत सिंह के भाई अभय सिंह नेगी और सरोजनी कोटड़ी को भी सम्मानित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि उत्तराखंड में न केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर, बल्कि नीतियों में भी बदलाव हो रहा है। समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे कदम इसका उदाहरण हैं। इस अवसर पर राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, हरक सिंह नेगी, मेला अध्यक्ष बीरू जोशी, ले. कर्नल हरीश जोशी, विधायक भूपाल राम टमटा, जिलाधिकारी संदीप तिवारी, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम पंकज भट्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.