देहरादून:
उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों की गाज-बाजा के साथ धूम मचाने के लिए आधिकारिक मशाल यात्रा 26 दिसंबर को हल्द्वानी से शुरू होगी। इस यात्रा का उद्देश्य पूरे प्रदेश की जनता को इन खेलों से जोड़ना है। यह मशाल प्रदेश के सभी 13 जनपदों से होकर गुजरेगी और हर जनपद में 2 से 3 दिन तक विभिन्न आयोजन होंगे।
शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के खेल सचिवालय में हुई बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशाल यात्रा का शुभारंभ हल्द्वानी से होगा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसे रवाना करेंगे। इसके बाद यात्रा कुमाऊं और गढ़वाल के सभी जनपदों को छूते हुए चलेगी। प्रयास यह है कि ज्यादा से ज्यादा ब्लॉकों तक यह यात्रा पहुंचे और आम लोगों को इसमें शामिल होने का अवसर मिले।
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राष्ट्रीय खेल जनउत्सव के रूप में मनाया जाए, इसलिए मशाल यात्रा के दौरान जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने सूचना विभाग के सचिव और महानिदेशक को इन खेलों के बारे में व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। प्रचार अभियान टीवी, समाचार पत्र, न्यूज पोर्टल, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा।
इसके अलावा, नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में होर्डिंग, बैनर, पोस्टर और स्क्रीन डिस्प्ले के जरिए भी खेलों की जानकारी दी जाएगी। बैठक में विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित कई उच्च अधिकारी मौजूद रहे।