मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की तत्परता से बढ़ा जनविश्वास तान्या सिंघल को मिला उत्तरजीवी प्रमाण पत्र, नगर निगम रजिस्टर में दर्ज होगा नाम ।
देहरादून (ब्यूरो)।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की तत्परता, जनहित में त्वरित एक्शन से जनमानस में सरकार और प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है। खुड़बुड़ा निवासी सुश्री तान्या सिंघल को माता के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र के लिए चार वर्षों से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, लेकिन जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है।

अब नगर निगम की संपत्ति रजिस्टर में उनका नाम दर्ज होगा।तान्या सिंघल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि उनकी माता का निधन दिसंबर 2022 में हो गया था। नगर निगम के संपत्ति रजिस्टर में नाम दर्ज कराने के लिए उत्तरजीवी प्रमाण पत्र की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से परेशान थीं और विभिन्न स्तरों पर प्रयास करने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल तहसीलदार सदर को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।निर्देशों के अनुपालन में त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्त अभिलेखों का परीक्षण किया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उसी दिवस 29 जनवरी को ही तान्या सिंघल को उत्तरजीवी प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया गया।
प्रमाण पत्र प्राप्त होने के उपरांत तान्या सिंघल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आभार व्यक्त किया और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एवं तत्परता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नागरिकों से संबंधित प्रमाण-पत्रों एवं सेवाओं के प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
