देहरादून।
आज उक्रांद (उत्तराखंड क्रांति दल) के महानगर उपाध्यक्ष रामकुमार शंखधर के जाखन स्थित कार्यालय पर उत्तराखंड क्रांति दल के महापौर प्रत्याशी कैप्टन वीरेंद्र सिंह विष्ट का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जाखन और राजपुर में जनसंपर्क और भ्रमण किया गया। साथ ही, 19 जनवरी को दल के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी की एक जनसभा के आयोजन के लिए स्थान को लेकर चर्चा हुई।
इस अवसर पर शंखधर ने देहरादून की जनता से निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और पूर्व से चले आ रहे निगम में राष्ट्रीय दलों के अधिपत्य को उखाड़ फेंकने की अपील की। मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह विष्ट ने जनता से अपील की कि वे निगम की कमान क्षेत्रीय दल को सौंपें। उन्होंने कहा, “अगर जनता ने उन्हें अपना सेवक नियुक्त किया तो देहरादून निगम में व्याप्त विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाएगा और आम जनता के लिए निगम की कार्यशैली में असर स्पष्ट दिखाई देगा।”
प्रदेश निकाय प्रभारी जय प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि दल स्थानीय मुद्दों पर यह चुनाव लड़ रहा है और जनता इस बार परिवर्तन के मन से है। संगठन मंत्री कर्नल सुनील कोटनाला ने सैनिक पृष्ठभूमि से आए प्रत्याशी विष्ट का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि देश सेवा में दिन-रात लगे रहने वाले सैनिकों को जनता इस बार प्रदेश सेवा का अवसर अवश्य देगी। महानगर निकाय प्रभारी वृजमोहन सजवाण ने कहा कि इस बार सभी तरफ से जन समर्थन की बहार है।
तत्पश्चात कैप्टन विष्ट ने अपने पूर्ण दल के कार्यकर्ताओं के साथ जन सभा और डोर टू डोर कैंपेनिंग की। इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महापौर प्रत्याशी वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि कई वर्षों से नगर निगम पर दोनों राष्ट्रीय दलों का राज रहा, लेकिन स्थानीय मूलभूत सुविधाओं पर कोई भी ठोस रणनीति नहीं बनी है। बिष्ट ने कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों से स्थानीय जनता भ्रमित है। इस बार यूकेडी को पूर्ण समर्थन मिल रहा है।