गुरुग्राम:
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया। वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ले गए। पिछले तीन-चार वर्षों से उनका इलाज यहीं चल रहा था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत की समस्या थी। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सुबह 11:35 बजे इमरजेंसी में लाया गया, जहां मेदांता प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की।
ओमप्रकाश चौटाला का जन्म 1 जनवरी 1935 को सिरसा जिले के चौटाला गांव में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के पद पर कार्य किया। पहली बार उन्होंने 2 दिसंबर 1989 को मुख्यमंत्री का पद संभाला और 22 मई 1990 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 12 जुलाई 1990 को जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को हटाया गया, तो चौटाला ने दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, हालांकि मात्र पांच दिन बाद ही उन्हें पद छोड़ना पड़ा।
22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया, जिससे उन्हें पद छोड़ना पड़ा। चौटाला का राजनीतिक जीवन हरियाणा के राजनीतिक परिदृश्य को प्रभावित करने वाला रहा है। उनका निधन राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।