उत्तराखंड

हरिद्वार डीएम की छापेमारी से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप, 8 कर्मचारी गायब, वेतन रोका

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

रूड़की : जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने आज सुबह जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों पर अचानक छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। इस दौरान 8 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है।

सुबह 10:05 पर एआरटीओ कार्यालय पर छापा:

जिलाधिकारी ने सबसे पहले सुबह 10:05 बजे एआरटीओ कार्यालय में छापेमारी की। यहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और मुख्य गेट पर एक कर्मचारी आने-जाने वालों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज करता हुआ पाया गया।

तहसील परिसर में अनुपस्थित मिले कर्मचारी:

इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति कार्यालय में 5, नजारत अनुभाग में 2 और चकबंदी अनुभाग 2 में 1 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कुल मिलाकर 8 कर्मचारियों के गायब मिलने पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

झबरेड़ा नगर पंचायत का भी निरीक्षण:

जिलाधिकारी ने इसके बाद नगर पंचायत झबरेड़ा का भी अचानक निरीक्षण किया। यहां अधिशासी अधिकारी सहित 2 कर्मचारी संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय गए हुए बताए गए। जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की से फोन पर बात कर उनकी उपस्थिति की पुष्टि की। उन्होंने नगर पंचायत को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने और वेतन भुगतान में आत्मनिर्भर बनने के निर्देश दिए। साथ ही, पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष आमदनी बढ़ाने के लिए भी कहा। जिलाधिकारी ने कस्बे में नियमित सफाई व्यवस्था रखने, कूड़े का सही तरीके से निस्तारण करने, हर वार्ड में सफाई कर्मचारी तैनात रखने और समय-समय पर सफाई कर्मचारियों का रोस्टर बदलने के भी निर्देश दिए।

बिना छुट्टी गायब रहने पर होगी कार्रवाई:

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना छुट्टी लिए कार्यालय से गायब नहीं रहेगा। जनता के कार्यालय पहुंचने से पहले अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचना होगा। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी तरह औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विकास अवस्थी, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार आदि मौजूद थे।

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.