चमोली: खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए, चमोली जिले में 348.97 लाख रुपये की लागत से 14 विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि के तहत स्वीकृत इन योजनाओं के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। इन योजनाओं में सड़क निर्माण, नाले निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, खेल मैदानों का निर्माण और स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है।
बैठक में लिए गए कुछ प्रमुख निर्णयों में शामिल हैं:
- मैठाणा: खेल मैदान के पास हाट बाजार और कैंटीन का निर्माण, खेल मैदान में स्टेज और चारदीवारी का निर्माण।
- हरमनी: जूनियर कन्या विद्यालय में चारदीवारी का निर्माण।
- राबाइका: गौचर में बॉन्डरी वॉल का निर्माण।
- कर्णप्रयाग: शक्तिनगर में नाला निर्माण।
- लंगासू-ग्वाड-बणसोली-मैखुरा: मोटर मार्ग पर सुरक्षा दीवार और नाला निर्माण।
- लाता और हेलंग: आवासीय भवनों और कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए कार्य।
- नंदानगर: बाढ़ सुरक्षा कार्य।
- कुलसारी: कटाव से सुरक्षात्मक कार्य।
- ईणा बधाणी: गांव में नाला निर्माण।
- बैनोली: शिव मंदिर और कृषि भूमि पर बाढ़ सुरक्षा कार्य।
- थराली नासिर बाजार: बाढ़ सुरक्षा कार्य।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास निधि के तहत प्राप्त धनराशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला खान अधिकारी नाइजा हसन, मुख्य शिक्षा अधिकारी धर्म सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।