ऋषिकेश।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम चुनाव के दौरान ऋषिकेश में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने भाजपा के मेयर प्रत्याशी शंभू पासवान और अन्य पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “ऋषिकेश की जनता ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है और इन चुनावों में भी यहां की जनता निकाय चुनाव में ट्रिपल इंजन सरकार बनाएगी।” उन्होंने ऋषिकेश को देवभूमि के साथ-साथ संपूर्ण भारत की पहचान बताते हुए कहा कि यह स्थान भारत की सांस्कृतिक धरोहर है और इसका विकास सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के संकल्प की ओर इशारा करते हुए कहा, “हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है।” उन्होंने प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि इसी के नतीजे से उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में गिना जा रहा है और सतत विकास के लक्ष्यों में पहले नंबर पर है।
धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “जब भी हम कोई अच्छा काम करते हैं, कांग्रेस भ्रम फैलाकर लोगों को तोड़ने का काम करती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रम फैलाती है कि हम लोगों को उजाड़ देंगे, जबकि भाजपा बसाने पर विश्वास करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर रही है, जबकि कांग्रेस वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर ऋषिकेश की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे क्षेत्रवाद और जातिवाद से उठकर राष्ट्र हित में कार्य करने वाली भाजपा को विजयी बनाएं और धर्म संस्कृति का उपहास बनाने वाली कांग्रेस को जड़ से उखाड़ दें।
इस अवसर पर उपस्थित नेताइस जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, चुनाव प्रभारी दान सिंह रावत, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, निवर्तमान मेयर श्रीमती अनिता ममगाई, संजय शास्त्री, सुमित पंवार, सुरेश सिंह, कविता शाह, सतीश सिंह, सुरेंद्र मोघा, इंद्रमोहन, सुनीता भंडारी, दिनेश सती, दीपक धमिजा, गौतम, गौरव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।