उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कांडा महोत्सव का किया शुभारंभ और विकास योजनाओं का शिलान्यास

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

बागेश्वर:

 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कांडा महोत्सव का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बागेश्वर जिले की 83 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया तथा 1.80 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही, जिले के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

 

मुख्यमंत्री ने कांडा महोत्सव को राज्य की अनमोल धरोहर बताते हुए कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं को संजोए रखने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, “यह महोत्सव हमारे छोटे व्यापारियों, कारीगरों और किसानों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर प्रदान करता है।”

 

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति को राज्य की मूल पहचान बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ जैसे पहलुओं का उल्लेख करते हुए स्थानीय उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों के महिला सदस्यों को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालया’ ब्रांड के माध्यम से पहाड़ी उत्पादों को पहचान दिलाई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश में एक लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन को बढ़ावा देने और होम स्टे के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार देने की बात कही।

 

विकास की दिशा में, मुख्यमंत्री ने कांडा को विकासखंड बनाने, बनकोट क्षेत्र को बागेश्वर से जोड़ने, सैनिकों के लिए कैंटीन भवन निर्माण, मल्टी लेवल पार्किंग, मिनी स्टेडियम, नर्सिंग कॉलेज, नशा मुक्ति केंद्र और सभागार निर्माण की घोषणा की।

 

योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण:

 

  • मुख्यमंत्री ने 8299.64 लाख रुपए की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें विभिन्न मोटर मार्गों का सुधारीकरण और निर्माण शामिल है।
  • एक योजना का लोकार्पण किया गया जिसमें 180.25 लाख रुपए की लागत से दूणी सुकंडा मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया गया।

 

क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विधानसभा के विकास के लिए आगे की मांगे रखीं।

 

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष बसंती देव, ब्लाक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, जिलाध्यक्ष भाजपा इंद्र सिंह फर्स्वाण, डीएम आशीष भटगांई, एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, सीडीओ आरसी तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.