उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने किया सतपुली झील का शिलान्यास, 172 करोड़ की विकास योजनाएं लोकार्पित

सतपुली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान पूर्वी नयार नदी पर बनने वाली बहुउद्देशीय सतपुली झील का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने करीब 172 करोड़ 65 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए 6 घोषणाएं की और 4 अन्य घोषणाओं पर विचार करने की बात कही।

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से बिलखेत हेलीपेड पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल, विधायक लैंसडौन दिलीप महंत, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, ब्लॉक द्वारीखाल के प्रशासक महेन्द्र राणा, प्रशासक कल्जीखाल बीना राणा, प्रशासक पोखड़ा प्रीति देवी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह सहित अन्य गणमान्यों ने किया।

कार्यक्रम स्थल रामलीला मैदान सतपुली पहुंचकर, मुख्यमंत्री ने 123 करोड़ 53 लाख रुपये की 4 योजनाओं का शिलान्यास और 49 करोड़ 12 लाख रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण किया। इसमें प्रमुख रूप से 56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सतपुली झील का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकासखण्ड बीरोंखाल के राजकीय इंटर कॉलेज भरोली खाल व बीरोंखाल में नवीन भवन निर्माण, विकासखण्ड एकेश्वर व कल्जीखाल के मध्य मोटर पुल, एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम, रवांसा नदी पर बैराज और ताड़केश्वर महादेव में पुलिस चौकी स्थापना की घोषणा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। सतपुली झील का निर्माण क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वचन का जिक्र करते हुए कहा कि 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पलायन की समस्या को समाप्त करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लैंड जिहाद और थूक जिहाद पर कार्रवाई का जिक्र किया और 2025 में यूसीसी लागू करने तथा सख्त भू कानून लाने की बात कही।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा कि इन विकास योजनाओं से क्षेत्र में नई उड़ान मिलेगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवत, भाजपा जिलाध्यक्ष कोटद्वार वीरेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष पौड़ी सुषमा रावत, एसडीएम नूपुर वर्मा, अनिल चन्याल, शालिनी मौर्या सहित, ब्लॉक प्रशासक केश्वर नीरज पांथरी व जयहरीखाल दीपक भण्डारी, संचालक शैलेन्द्र दर्शन, मंडल अध्यक्ष सतेंद्र बिष्ट सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनमानस उपस्थित थे।

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.