देहरादून।
उत्तराखंड में आने वाले जनवरी माह में एक लाख 23 हजार से अधिक नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत 1 जनवरी 2025 को आर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस वर्ष 1,23,250 नए मतदाताओं को शामिल किया गया है जिनमें 58,917 पुरुष, 64,322 महिला और 11 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस सूची का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि सभी जनपदों में डोर टू डोर अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाए। इसी के तहत, वरिष्ठ अधिकारियों को जनपदवार सुपर चेकिंग के लिए भेजा गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग प्रतिवर्ष विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के जरिए मतदाता सूची को अपडेट करता है। आयोग ने अब वर्ष में चार अर्हता तिथियां नियत की हैं – 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर। इन तिथियों को पूरा करने वाले 18 वर्ष के नागरिक फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुसार, सुपर चेकिंग अभियान की जिम्मेदारी विभिन्न जनपदों में अधिकारियों को दी गई है। इस अभियान में अधिकारी स्वयं पोलिंग बूथ पर जाकर मतदाताओं से फीडबैक ले रहे हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को होगा।
पिछले पांच वर्षों में, 1 जनवरी की आर्हता तिथि के आधार पर उत्तराखंड में कुल 11,35,590 मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है। इनमें 5,33,007 पुरुष, 6,02,418 महिला और 165 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2020 में 1,18,732, 2021 में 1,40,528, 2022 में 3,60,686, 2023 में 1,34,461 और 2024 में 2,57,933 मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया।