उत्तराखंड

नैनीताल: डीएसए मैदान बनेगा मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर, उत्तराखंड बन रहा खेलभूमि

नैनीताल।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल में घोषणा की कि डीएसए मैदान को उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं के साथ मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि नैनीताल में वैकल्पिक पार्किंग विकसित की जाएगी और फ्लैट्स मैदान में हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग स्थापित होंगे। फ्लैट्स मैदान का उपयोग केवल खेल और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए होगा, व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक रहेगी, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों के हित सुरक्षित रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। नैनीताल और हल्द्वानी में सात राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना अपनाना ही सच्ची जीत है।
उन्होंने कहा, “हमारी देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में तेजी से आगे बढ़ रही है।” खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष जैसे गुण भी सिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे देश में खेल संस्कृति को मजबूत आधार मिला है और उत्तराखंड भी अब खेलभूमि बनने की दिशा में अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान लागू होगा, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित होंगी, जहां सैकड़ों खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण ले सकेंगे। हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री खेल विकास नीति, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के जरिए उभरते खिलाड़ियों को सहयोग मिल रहा है। उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कारों से खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भीमताल विधायक राम सिंह केड़ा, मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, दायित्वधारी दीपक मेहरा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अल्मोड़ा महापौर अजय वर्मा, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा भाजपा भावना मेहरा, कार्यक्रम आयोजक मोहित आर्या, शांति मेहरा, अधिवक्ता शिवांशु जोशी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, उप जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts

Load More Posts Loading...No More Posts.